नए साल में बिहार के ये टॉप 5 पिकनिक स्पॉट, वाटर फॉल, ऐतिहासिक इमारतें और बहुत कुछ
नए साल की शुरुआत को लेकर लोग काफी उत्साहित होते हैं. साल की शुरुआत खुशनुमा हो और यादगार बन जाए, इसके लिए लोग घूमने और पिकनिक मनाने बाहर जाते हैं। अगर आप नए साल पर किसी खास जगह पर घूमने का प्लान बना रहे हैं और ऐसी जगहों की तलाश में हैं, जहां आप अपने जश्न को खास बना सकें, तो आज हम आपको बिहार की कुछ बेहतरीन जगहें बतायेंगे। ये स्थान न सिर्फ आपकी यात्रा को यादगार बनाएंगे, बल्कि यहां का जश्न भी आपको लंबे समय तक याद रहेगा। आइए जानते हैं, बिहार की उन खास जगहों के बारे में जहां आप नये साल का जश्न मना सकते हैं।
1. सासाराम: ऐतिहासिक और एडवेंचर स्थल
सासाराम, बिहार का एक और बेहतरीन पर्यटन स्थल है। यहां आपको ऐतिहासिक स्थलों के साथ–साथ प्राकृतिक सुंदरता भी देखने को मिलेगी। शेरशाह सूरी का मकबरा यहां का प्रमुख आकर्षण है, जो इतिहास में रुचि रखने वालों के लिए खास है। इसके अलावा रोहतासगढ़ किला भी देखने लायक है। अगर आप एडवेंचर पसंद करते हैं तो सासाराम के पास तुतला भवानी वॉटरफॉल, मझर कुंड और धुआं कुंड जैसी जगहें हैं, जहां आप पिकनिक मना सकते हैं और प्राकृतिक खूबसूरती का दीदार कर सकते हैं।
2. पटना: ऐतिहासिक और धार्मिक स्थल
बिहार की राजधानी पटना नये साल के जश्न के लिए एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। पटना में आपको कई ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों की भरमार मिलेगी। यहां के गोलघर, जो अंग्रेजों के जमाने का स्मारक है, आपको पुरानी कलाकारी और इतिहास से रूबरू कराएगा। आप गांधी मैदान और बुद्ध स्मृति पार्क भी घूम सकते हैं, जहां की शांति और हरियाली आपको सुकून देगी। अगर आप धार्मिक स्थलों की सैर करना चाहते हैं तो पटना साहिब गुरुद्वारा, इस्कॉन मंदिर और हनुमान मंदिर जैसे स्थलों पर भी जा सकते हैं। इसके अलावा संजय गांधी जैविक उद्यान जा सकते हैं या तारामंडल और दीघा घाट स्थित मरीन ड्राइव पर जाकर आप रात के खूबसूरत नजारों का आनंद ले सकते हैं।
3. बांका: ठंडी जगहों का आनंद
अगर आप गोवा और शिमला की सैर सस्ते में करना चाहते हैं, तो बिहार का बांका बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है। यहां ओढ़नी डैम और मंदार पर्वत जैसे एडवेंचर स्पॉट हैं, जो आपको एक अलग अनुभव देंगे। इसके अलावा, आप बाबा ज्येष्ठगौर नाथ और मां तिलडीहा शक्तिपीठ जैसी धार्मिक जगहों पर भी जा सकते हैं। यहां की पुरानी गुफाएं, प्रतिमाएं और मंदिर भी देखने योग्य हैं, जो इस जगह की ऐतिहासिकता को दर्शाते हैं।
4. वैशाली: ऐतिहासिक धरोहर और धार्मिक स्थल
अगर आप नये साल पर धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों पर जाना चाहते हैं, तो वैशाली भी एक बेहतरीन जगह हो सकती है। वैशाली बौद्ध धर्म के महत्वपूर्ण स्थल के रूप में प्रसिद्ध है। यहां बौद्ध स्तूप, महावीर जन्मस्थली और पातालेश्वर मंदिर जैसे धार्मिक स्थल हैं, जो आपको शांति का अहसास कराएंगे। इसके अलावा, आप वैशाली पुरात्व संग्रहालय, नेपाली छावनी मंदिर और बटेश्वर मंदिर भी देख सकते हैं, जो इस क्षेत्र की ऐतिहासिक धरोहर को दर्शाते हैं।
5. वाल्मीकि टाइगर रिजर्व: प्राकृतिक सौंदर्य और वन्यजीवों का दीदार
बिहार का एक और खास स्थान है वाल्मीकि टाइगर रिजर्व, जो पश्चिमी चंपारण में स्थित है। यह रिजर्व आपके नये साल के जश्न को यादगार बना सकता है। यहां आपको जंगली जानवरों का दीदार होगा और सैकड़ों किस्म के पक्षियों को देख सकते हैं। इसके अलावा, उभयचर और सरीसृप भी यहां पाए जाते हैं, जो वन्यजीव प्रेमियों के लिए बेस्ट टूरिस्ट प्लेस हो सकता है। यदि आप प्रकृति के बीच एडवेंचर का अनुभव करना चाहते हैं, तो यह रिजर्व भी आपके लिए एक बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है।