Placeholder canvas

पवन सिंह का भाजपा से पत्ता हुआ साफ, क्या अब तेजप्रताप यादव देंगे साथ!

Bihari News

Updated on:

पवन सिंह के सपने हुए चूर चूर
पवन सिंह के अरमानों पर फिर गया पानी
भाजपा से चुनाव लड़ने का ख्वाब टूटा
क्या आरजेडी पवन सिंह को लड़ा सकती है चुनाव
आरा सीट से भाजपा से आरके सिंह ही लड़ेंगे चुनाव….
तेजप्रताप यादव के साथ रिश्ते आ सकते हैं काम


पवन सिंह भी भोजपुरी फिल्म जगत के अपने सीनियर्स मनोज तिवारी, रवि किशन और दिनेश लाल यादव निरहुआ की तरह राजनीति में भाग्य आजमाना चाहते हैं। वो अपने जन्मस्थान आरा से लोकसभा का चुनाव लड़ने की इच्छा रखते हैं।
पवन सिंह आरा से लोकसभा का चुनाव लड़ने के लिए पिछले काफी समय से भाजपा के शीर्ष नेताओं के संपर्क में हैं। पवन सिंह के सोशल मीडिया अकाउंट्स को देखें तो वो लगातार भाजपा के बड़े नेताओं के साथ अपनी तस्वीरें पोस्ट करते रहते हैं।
पर पवन सिंह के इन अरमानों पर आरा के वर्तमान भाजपा सांसद आरके सिंह ने पानी फेर कर रख दिया है। आपको बता दें कि आरके सिंह भी कोई साधारण नेता नहीं है। आरके सिंह नरेंद्र मोदी की कैबिनेट में मंत्री हैं। भाजपा के शीर्ष नेताओं के साथ उनके सीधे संबंध और संवाद दोनों ही हैं।
आरके सिंह ने मीडियाकर्मियों से बातचीत में साफ तौर पर कह दिया कि वो आरा छोड़कर कही नहीं जा रहे हैं। वो आरा से ही 2024 का लोकसभा का चुनाव लड़ेंगें। किसी राज्य का गर्वनर बनाए जाने की अटकलों को पूरी तरह से खारिज करते हुए आरके सिंह ने कहा कि मेरे लिए कोई और निर्णय कैसे ले सकता है ! मैं आरा से ही चुनाव लड़ूंगा….

पूर्व आईएएस अधिकारी आरके सिंह ने 2013 में बीजेपी जॉइन की थी। इसके बाद 2014 में हुए लोकसभा का चुनाव आरा सीट से लड़ा। इस चुनाव में आरके सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजद के श्रीभगवान सिंह कुशवाहा को हराया था।
बाद में सरकार बनने पर केंद्रीय ऊर्जा मंत्री बने थे। आर के सिंह ने 2019 में फिर से आरा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा। इस बार सीपीआई (एमएल) के राजू यादव को हराकर अपनी सीट बरकरार रखी थी।
इसमें कोई दो राय नहीं कि भोजपुरी के सुपरस्टार पवन सिंह सचमुच पॉवर स्टार है। भोजपुरी के दूसरे गायकों की अपेक्षा पवन सिंह के चाहने वालों की संख्या बहुत बड़ी है।

यूं तो पॉवर स्टार पवन सिंह के फैन्स हर उस इलाके में हैं जहां भोजपुरी बोली और सुनी जाती है लेकिन बिहार के शाहाबाद इलाके में पवन सिंह की तूती बोलती है। इसकी वजह भी खास है। पवन सिंह शाहाबाद के इलाके से ही आते हैं। शाहाबाद के इलाके में आरा, बक्सर, सासाराम और कैमूर के इलाके आते हैं। आरा यानी की भोजपुर जिला तो पवन सिंह का पैतृक इलाका है। इस इलाके में भी पवन सिंह बेहद लोकप्रिय हैं।
छह महीने पहले ही पवन सिंह ने आरा से लोकसभा चुनाव लड़ने की इच्छा व्यक्त कर दी थी लेकिन अब पवन सिंह का क्या होगा ? क्या पवन सिंह फिलहाल अपनी राजनीतिक पारी को विराम दे देंगे या फिर पवन सिंह किसी और राजनीतिक दल के रथ पर सवार हो सकते हैं ?
दरअसल इसी साल 6 महीने पहले अप्रैल-मई में पवन सिंह ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और बिहार बीजेपी प्रभारी विनोद तावडे़ से मुलाकात की थी। इसके बाद चर्चा शुरू हुई थी कि पवन सिंह बिहार से सक्रिय राजनीति में शामिल होना चाहते हैं। इसके बाद उन्होंने आरा सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा भी जाहिर कर दी थी।
आज से तीन चार महीने पहले पवन सिंह की एक तस्वीर बिहार के मंत्री और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बेटे तेजप्रताप यादव के साथ सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई थी।


इस तस्वीर में पवन सिंह का हाथ तेजप्रताप के पैरों में था। इस तस्वीर को देखकर माना जा रहा था कि पवन सिंह तेजप्रताप यादव से आर्शीवाद ले रहे थें। जाहिर तौर पर ये तस्वीर बताने के लिए काफी था कि पवन सिंह भले ही भाजपा से टिकट लेने की इच्छा रखते हो लेकिन तेजप्रताप यादव के साथ भी उनके संबंध बेहद मधुर हैं।
आर के सिंह के बयानों के बाद पवन सिंह और तेजप्रताप यादव के संबंधों की चर्चा भी एक बार फिर से शुरु हो सकती है। अब देखना दिलचस्प होगा कि आरके सिंह के बयान के बाद पवन सिंह कौन सा राजनीतिक निर्णय लेते हैं।बिहार की राजनीति के जानकारों की मानें तो आरजेडी के टिकट पर अगर पवन सिंह आरा लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ते हैं तो ये दोनों के लिए ही फायदेमंद साबित हो सकता है। आरा लोकसभा क्षेत्र में बड़ी संख्या में यादवों की आबादी है। इसके साथ ही राजपूत, कुर्मी और मुस्लिम आबादी भी अच्छी खासी संख्या में है। वामपंथी दलों का मजबूत कैडर बेस भी इस आरा लोकसभा क्षेत्र में है।
उधर महागठबंधन लगातार आरा लोकसभा क्षेत्र से चुनाव हारता आ रहा है। 2004 में हुए लोकसभा चुनाव में आरजेडी के टिकट पर डॉ कांति सिंह यहां से चुनाव जीतने में सफल हुई थीं। 2009 में जेडीयू से मीना सिंह जीतीं। 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में लगातार दो बार आरके सिंह जीतने में सफल रहें।

Leave a Comment